CMD Upendrra Rai Prayagraj Event
CMD Upendrra Rai Prayagraj Event: भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय शनिवार, 11 अप्रैल 2026 को प्रयागराज में आयोजित एक महत्वपूर्ण शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम श्री काशी प्रसाद सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज, कठौली, मेजा रोड में आयोजित किया जा रहा है, जहां वार्षिकोत्सव समारोह के साथ-साथ यश भारती सम्मानित जन कवि कीर्तिशेष स्वर्गीय कैलाश गौतम की स्मृति में स्थापित पुस्तकालय का भव्य लोकार्पण किया जाएगा.
दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह का आयोजन कॉलेज परिवार द्वारा किया जा रहा है. कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि यह आयोजन साहित्य, शिक्षा और समाज के संगम का प्रतीक माना जा रहा है.

इस समारोह की अध्यक्षता राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के कुलपति प्रो. सत्यकाम करेंगे. वहीं सरस्वत अतिथि के रूप में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज के निदेशक डॉ. सुरेश शर्मा अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे.
ये अतिथि भी होंगे शामिल
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों की भी लंबी सूची है, जिनमें प्रमुख रूप से विशेष सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, उत्तर प्रदेश शासन डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, इलाहाबाद हाईकोर्ट के अपर शासकीय अधिवक्ता अरविंद कुमार तिवारी, सेवानिवृत्त अपर श्रम आयुक्त बी.के. राय, शिक्षाविद और डॉ. हं. नारायण सिंह ग्रुप ऑफ कॉलेज के निदेशक डॉ. उदय प्रताप सिंह, भारत एक्सप्रेस के समूह सलाहकार संपादक अनिल राय, फेलिक्स हॉस्पिटल, नोएडा के चेयरमैन डॉ. डी.के. गुप्ता, रक्षा मंत्रालय के राजभाषा अधिकारी मयंक द्विवेदी और मार्ट संस्था, नई दिल्ली के अध्यक्ष आसिफ आजमी शामिल होंगे.

इस अवसर पर यश भारती से सम्मानित जनकवि कैलाश गौतम की स्मृति में बनाए गए पुस्तकालय का लोकार्पण कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा. यह पुस्तकालय न केवल विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का केंद्र बनेगा, बल्कि साहित्य प्रेमियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत होगा.
अजीत सिंह निभा रहे आयोजन का दायित्व
कार्यक्रम के स्वागताकांक्षी के रूप में डॉ. शैलेश गौतम, डॉ. अवधेश सिंह, जय प्रकाश और विनय कुमार शर्मा की भूमिका रहेगी, जबकि आयोजन से जुड़े समन्वय का दायित्व अजीत सिंह निभा रहे हैं.
कुल मिलाकर, यह आयोजन प्रयागराज के शैक्षिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होने जा रहा है, जिसमें शिक्षा, साहित्य और समाज के कई प्रतिष्ठित चेहरे एक मंच पर नजर आएंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



